इंदौर से तीन महीने के अंदर तीसरी नई एयरलाइंस फ्लाइट का संचालन शुरू करेगी। 20 जनवरी से स्टार एयरवेज इंदौर से बेलगाम (कर्नाटक) के लिए फ्लाइट शुरू कर रही है। ये फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन चलेगी। कंपनी ने शुक्रवार से बुकिंग भी शुरू कर दी है। इंदौर में अक्टूबर से अभी तक दो नई एयरलाइंस (विस्तारा अौर गो-एयरवेज) अपनी फ्लाइटें शुरू कर चुकी हैं।
बेलगाम फ्लाइट सोम, मंगल, गुरु को रहेगी
- बेलगाम से फ्लाइट 1.10 बजे रवाना होगी। दोपहर 2.40 बजे इंदौर आएगी।
- इंदौर से दोपहर 3.10 बजे रवाना होगी। शाम 4.45 बजे बेलगाम पहुंचेगी।
- एयरलाइंस कंपनी 50 सीटर विमान से फ्लाइट का संचालन करेगी।
विस्तारा 26 अक्टूबर से हुई थी शुरुआत, इंदौर-दिल्ली के बीच रोजाना दो फ्लाइट
विस्तारा एयरलाइंस ने अपनी पहली फ्लाइट का संचालन इंदौर एयरपोर्ट से 26 अक्टूबर को किया था। इसके बाद दूसरी फ्लाइट 5 नवंबर से शुरू की गई थी। एयरलाइंस की दोनों फ्लाइट इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होती हैं। एयरलाइंस कंपनी की एक फ्लाइट सुबह 8.55 बजे इंदौर-दिल्ली के बीच जबकि दूसरी फ्लाइट रात 8.30 बजे दिल्ली के लिए संचालित होती है।
गो-एयरवेज 20 दिसंबर से पांच फ्लाइट शुरू की; दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरू और अहमदाबाद जुड़े
गो-एयरवेज ने 20 दिसंबर से इंदौर से फ्लाइट का संचालन शुरू किया। कंपनी ने एक साथ पांच फ्लाइट शुरू की। इंदौर-दिल्ली के बीच दो, जबकि कोलकाता, बेंगलुरू व अहमदाबाद के लिए एक-एक फ्लाइट का संचालन शुरू किया। हालांकि फिलहाल खराब मौसम की वजह से एयरलाइंस कंपनी ने 24 जनवरी तक दिल्ली, बेंगलुरू, अहमदाबाद फ्लाइट का संचालन बंद कर रखा है। अभी सिर्फ कोलकाता फ्लाइट चल रही है।
आगे क्या फ्लाय बिग एयरलाइंस फरवरी से शुरू करेगी इंदौर से फ्लाइट
फरवरी से इंदौर से फ्लाय बिग एयरलाइंस जबलपुर, भोपाल अौर पुणे के लिए फ्लाइट का संचालन शुरू करेगी। एयरलाइंस कंपनी 72 सीटर एटीआर विमान से इन फ्लाइट का संचालन शुरू करेगी। कंपनी पहली बार इंदौर से ही अपना ऑपरेशन शुरू करेगी। इंदौर को ही अपना मुख्य सेंटर बनाएगी। नाइट पार्किंग के लिए भी कंपनी ने अनुमति मांगी है।